श्रीनगर में सुरक्षा बलों पर पथराव करते युवक
- फोटो : File Photo
कश्मीर हिंसा के 107वें दिन रविवार को भी घाटी में हिंसा की छिटपुट घटनाएं हुईं। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा के पजलपोरा इलाके में देर शाम उपद्रवियों ने एक ट्रक में आग लगा दी। अनंतनाग, बडगाम और सोपोर में सुरक्षा बलों पर पथराव हुआ। इन घटनाओं को छोड़कर पूरी घाटी में शांति रही।
अनंतनाग चलो मार्च को सुरक्षा बलों ने नाकाम किया। जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए थे। ची गांव में युवाओं ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया। हिंसक भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। आंसू गैस के गोले दागे गए। सोपोर के डंगरपोरा में देश विरोधी रैली को नाकाम करने पर सुरक्षा बलों पर पथराव किया गया। बडगाम के नसरुल्लापोरा में भी पत्थरबाजी हुई।
अलगाववादियों के बंद के आह्वान के बावजूद लाल चौक तथा आसपास के इलाकों में संडे मार्केट में अधिक संख्या में पटरी कारोबारी नजर आए। सिविल लाइंस, लाल चौक तथा शहर के बाहरी इलाकों में सड़कों पर निजी वाहन तथा आटो रिक्शा भी अधिक संख्या में दिखे।
टीआरसी चौक तथा बटमालू में फल, सब्जी, चाय व स्नैक्स की दुकानें खुलीं। इस सबके बावजूद बंद से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा।