स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एससीईआरटी) के मंडल कार्यालय जम्मू ने सभी विंग के लिए जनसंख्या, शिक्षा, लिंग शिक्षा, ईसीसीई और शिक्षा पर तीन दिवसीय कार्यशाला करवाई।
वर्चुअल कार्यक्रम में प्रारंभिक बचपन, देखभाल और शिक्षा (ईसीसीई) नीति, व्यवहार और शिक्षा शास्त्र पर चर्चा की गई। बताया गया कि बच्चों के समग्र विकास में ईसीसीई की भूमिका प्राथमिक विद्यालयों से अधिक है। संस्था का उद्देश्य बच्चों की सामाजिक, भावनात्मक और शारीरिक जरूरतों का समग्र विकास करना है।
वेबिनार का शुभारंभ जेके बोर्ड की चेयरमैन वीणा पंडिता ने किया। तीन दिवसीय संगोष्ठी का उद्देश्य नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत हितधारकों को विभिन्न शैक्षणिक दृष्टिकोण और ईसीसीई के संबंध में नई बाते समझने के लिए एक मंच प्रदान करना है। तपस्या शर्मा ने रविंद्र नाथ टैगोर की शिक्षा और प्रकृति के साथ सीखने की शिक्षाओं पर ध्यान केंद्रित किया। पूर्व एचओडी जेयू, प्रो. शशि मन्हास ने बच्चों को सक्षम वातावरण देने के साथ बच्चे को बच्चे के दृष्टिकोण से देखने पर जोर दिया।