मृतक एजाज अहमद राथर। फाइल फोटो
- फोटो : mathura
गांदरबल। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में पुलिस ने कंगन में हुई हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या करने के बाद दो दोस्तों ने शव को पावर कैनाल में फेंक दिया था। शव को 12 घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान एजाज अहमद राथर (22) निवासी सुल्तान कॉलोनी कंगन के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला डूबने से मौत माना जा रहा था लेकिन विस्तृत जांच में सामने आया कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। पावर कैनाल से शव मिलने तक सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जुटे रहे।
एसएसपी गांदरबल मोहम्मद खलील पोसवाल ने बताया कि मृतक के दो परिचित नियाजुल हक और मोईन के साथ तनाव बढ़ने के बाद दोनों ने साजिश के तहत उसे मार डाला।
सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि आरोपियों ने तार खरीदकर उसी से एजाज की गला घोंटकर हत्या की और शव नहर में फेंक दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तार बरामद कर लिया है।