माइट कॉलेज जम्मू ने जीता इंटर कॉलेज फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब। (विभाग)
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय की ओर से आयोजित इंटर-कॉलेज फुटबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता का जम्मू विश्वविद्यालय के फुटबॉल ग्राउंड में शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में जम्मू संभाग के विभिन्न कालेजों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ खेलते हुए अपने कौशल और अनुभव का शानदार प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में एमआईईटी कॉलेज जम्मू ने सरकारी डिग्री कॉलेज उधमपुर की टीम को 3-2 गोल से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। शनिवार को प्रतियोगिता के दो सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। पहला सेमीफाइनल सरकारी डिग्री कॉलेज उधमपुर और पीजी विभाग जम्मू विश्वविद्यालय के बीच खेला गया। इसमें जीडीसी उधमपुर ने 4-3 गोल से जीत दर्ज की। दूसरा सेमीफाइनल एमआईईटी कॉलेज जम्मू और जीडीसी कठुआ के बीच हुआ। इसमें एमआईईटी कॉलेज जम्मू की टीम ने 2-0 गोल से जीत हासिल की। संवाद