165 रन पर सिमटा केरल, दिन का खेल खत्म होने तक टीम के दो विकेट पर 70 रन
जम्मू। केरल में कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी अंडर-23 मुकाबले में जम्मू-कश्मीर केरल के खिलाफ मजबूत स्थिति में है। बाएं हाथ के स्पिनर सरवशीष सिंह की शानदार गेंदबाजी और सलामी बल्लेबाज कमाक्ष शर्मा की तेज पारी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने मैच पर पकड़ बना ली है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी केरल की टीम 64.2 ओवर में 165 रन पर सिमट गई। केरल से अहमद इमरान ने 70 गेंद पर 43 रन बनाकर सबसे ज्यादा योगदान दिया। जम्मू-कश्मीर के लिए सरवशीष सिंह ने पांच विकेट झटके। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बासित बशीर और स्पिनर विशाल कुमार ने दो-दो विकेट लिए। बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर ने दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 70 रन बना लिए। सलामी बल्लेबाज कमाक्ष शर्मा ने 41 रन बनाए। कप्तान शिवांश शर्मा 16 रन तो बासित नजीर 11 रन बनाकर नाबाद लौटे। केरल से पवन राज और शौन रोजर ने एक-एक विकेट लिया। ब्यूरो