जम्मू। अंतर कॉलेज फुटबॉल प्रतियोगिता के पुरुष व महिला वर्ग में बुधवार को दूसरे दिन राजकीय डिग्री काॅलेज (जीडीसी) कठुआ का दबदबा रहा। टीम ने तीन मैच जीते। इनमें लड़कों ने दो तो लड़कियों की टीम ने एक मैच जीता। प्रतियोगिता में जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों के सरकारी व निजी डिग्री कॉलेजों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
पुरुष वर्ग में हुए मुकाबलों में जीडीसी कठुआ ने दोहरी जीत हासिल की। दोनों मुकाबलों में कठुआ ने अपनी विपक्षी टीमों को एक भी गोल करने नहीं दिया। पहला मैच एमबीएस कॉलेज के साथ हुआ। कठुआ ने 4-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। खिलाड़ी नियमित अंतराल पर गोल कर विपक्षी टीम पर दबाव बनाने में कामयाब रहे। एक अन्य मुकाबले में कठुआ ने जीएमसी जम्मू को 5-0 से हराया। पुरुष वर्ग के अन्य मुकाबलों में जीडीसी सांबा ने बिलावर को 4-0 से हराया। हीरानगर ने जीसीईटी जम्मू 2-1, जीडीसी पुंछ ने बीडीसी उधमपुर को 3-0 से मात दी। महिला वर्ग के मुकाबलों में जीडीसी कठुआ की लड़कियों ने कमाल किया। पुंछ के खिलाफ मुकाबले में 4-0 से बड़ी जीत दर्ज की। एक अन्य मुकाबले में जीडीसी पुंछ ने जम्मू विश्वविद्यालय के पीजी विभाग को 2-0 से मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया। यह प्रतियोगिता जम्मू विश्वविद्यालय खेल और शारीरिक शिक्षा विभाग करवा रहा है।