एमए स्टेडियम में अंडर-19 योनेक्स सनराइज जूनियर रैंकिंग व चयन बैडमिंटन प्रतियोगिता
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। एमए स्टेडियम के इंडोर कक्ष में जारी अंडर-19 योनेक्स सनराइज जूनियर रैंकिंग एवं चयन बैडमिंटन प्रतियोगिता के लड़कियों के डबल सेमीफाइनल मुकाबले में यशस्विनी व डायमंड की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन कर सुहानी व गार्निया को एकतरफा मुकाबले में मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। विजेता टीम ने शुरू से ही दबाव बनाकर खेला और जीत दर्ज की। इसके अलावा अन्य वर्ग के अधिकांश मुकाबले भी एकतरफा रहे।
लड़कों के सिंगल मुकाबलों में शौर्य प्रथम ने अभिषेक डोगरा को 21-12, 21-16, ठाकुर अनीश ने वंश दाहिया को 21-14, 21-15, उदयन शर्मा ने कार्तिक गुप्ता को 21-16, 21-18, भवदीप ने मयंक (उधमपुर) को 21-19, 21-13 से पछाड़ा। मुराद (श्रीनगर) को वैभव मेहता से 12-21 और 14-21 से हार मिली। लड़कियों के सिंगल मुकाबलों में स्काईदीप ने सुहानी शर्मा को 21-15, 21-17, सनोय गोस्वामी ने पावनी को 21-12, 21-16, मिक्सड डबल में समक्ष व अंतिमा की जोड़ी ने शौर्य व पानवी को 21-15, 21-19 से मात दी। सोमवार को फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। चयनित टीम इटानगर, अरुणाचल प्रदेश में जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में शिरकत करेगी। इस दौरान प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने बीएआई के उपप्रधान डा. ओडी शर्मा, बीएजेके के महासचिव बलवीर जम्वाल, उपप्रधान पवनजीत सिंह, प्रीति गुप्ता, कोच ताैसीफ अहमद, विक्रम सैनी आदि पहुंचे।