स्वच्छ भारत अभियान के तहत रविवार को जय मां वैष्णवी जागरण समिति द्वारा सफाई अभियान चलाया गया। वार्ड सात और श्मशान घाट पर सफाई अभियान चलाकर समिति सदस्यों ने स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के बारे में जानकारी देते हुए समिति के प्रधान विशाल सर्राफ ने बताया कि इस वर्ष को समिति सफाई वर्ष के रूप में मना रही है।
उन्होंने कहा कि अभियान का मकसद स्थानों की सफाई करना ही नहीं है, बल्कि वह चाहते हैं कि समाज में स्वच्छता को लेकर जो सोच है उसे बदला जा सके। उपप्रधान उत्तम चंद ने कहा कि लोगों को सफाई का कार्य केवल सफाई कर्मचारियों के सिर पर थोपने की आदत है, लेकिन जब गंदगी हम डाल रहे हैं, तो फिर हमें सफाई करने में हिचक नहीं होनी चाहिए।