रियासत में शनिवार को मौसम का मिजाज फिर बदल गया। बीती मध्यरात्रि से तड़के तक घाटी और जम्मू संभाग के अधिकांश मैदानी इलाकों में बारिश के साथ पहाड़ों पर बर्फ गिरी। जम्मू में ओले भी पड़े।
बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। इस बारिश से किसानों को भी राहत मिली है। हालांकि मौसम खराब होने के बावजूद जम्मू संभाग के अधिकांश स्थानों पर दिन का पारा सामान्य से 5 से 7 डिग्री ऊपर चल रहा है।
इस बीच न्यूनतम माइनस 4.5 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ लेह सबसे सर्द रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कई दिन तक मौसम के साफ रहने के आसार हैं।
घाटी के कोकरनाग क्षेत्र में दो सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। विश्वविख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में साढ़े चार इंच, श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में पांच सेंटीमीटर बर्फ गिरी।
कश्मीर के अन्य हिस्सों में सोनामर्ग, अमरनाथ गुफा, पीर की गली, शोपियां और राजदान पास में बर्फबारी हुई। जम्मू संभाग के जिला उधमपुर के स्योजधार और देराटाप पहाड़ों पर बर्फ बारी हुई।
पर्यटक स्थल नत्थाटाप, जुगधार तथा शिवगढ़ धार में लगातार बारिश हुई। जिला कठुआ के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ पर्वतीय क्षेत्र छत्तरगलां, मंदीधार, डंडी गुट्टू, भंडार, डुग्गन में बर्फ गिरी।
कारगिल में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 2.0, गुलमर्ग में माइनस 2.2, पहलगाम में 0.3 और ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले चौबीस घंटों में जम्मू संभाग के बटोत इलाके में सबसे अधिक 33.6 मिलीमीटर बारिश हुई।
जम्मू में 12.1, बनिहाल में 28.2, श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में 23.7, भद्रवाह में 14.4 और कठुआ में 6.2 मिलीमीटर बारिश हुई। श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 12.4 और जम्मू में दो डिग्री अधिक 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में न्यूनतम पारा चार डिग्री चढ़कर 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा।