बर्फबारी के साथ बारिश से मौसम बदल गया है। रामबन और बनिहाल के बीच पस्सियां हटाकर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को मंगलवार शाम तीन बजे बहाल किया गया। हालांकि इसमें दोनों जिला मुख्यालयों से वाहनों को छोड़ने के बजाय उधमपुर से रास्ते में फंसे यात्री वाहनों को क्लीयर किया गया।
एसएसपी ट्रैफिक हाईवे संजय भगत के अनुसार मौसम में सुधार हुआ है और उम्मीद है कि बुधवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए एकतरफा यातायात बहाल रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में मौसम साफ रहेगा।
रामबन-बनिहाल के बीच डिगडोल, रामसू, पंथाल इलाकों में पस्सियां गिरने से मंगलवार दोपहर तक जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद रखा गया। लेकिन दोपहर बाद रास्ते में फंसे सिर्फ यात्री वाहनों को गंतव्य की ओर छोड़ा गया। मंगलवार को जवाहर टनल, कुपवाड़ा, बांदीपोरा बारामुला के ऊपरी इलाकों के साथ पीर पंचाल की पहाडि़यों में हल्की बर्फबारी हुई।
जम्मू संभाग के किश्तवाड़ में बारिश हुई। रियासी में बारिश के साथ ओले गिरे। जम्मू में भी बादल छाए रहे। डोडा के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर से वाहनों को न छोड़े जाने से यात्रियों की दिक्कतें बरकरार हैं।
मौसम में आए बदलाव से कश्मीर और जम्मू के कई इलाकों में दिन के तापमान में सामान्य से 6-10 डिग्री तक गिरावट आई है। कश्मीर प्रशासन ने बांदीपोरा, कुपवाड़ा, बारामुला जिले में मध्यम खतरे श्रेणी वाले और कारगिल में उच्च खतरे श्रेणी वाले हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। प्रभावित इलाकों में लोगों को एहतियात बरतने को कहा गया है।