जम्मू-कश्मीर और लेह के मौसम में काफी बदलाव आया है। लगातार हो रही बारिश से कश्मीर घाटी के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे घाटी शीत लहर की चपेट में आ गई है। जिन इलाकों में बर्फबारी हो रही है, उनमें गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, कारगिल, जानस्कार और पीर पंजाल पहाडि़यों के ऊपरी इलाके शामिल हैं।
स्थानीय नागरिक मोहम्मद अबरार ने कहा कि शीतलहर से बचने के लिए गर्म कपड़ों का अधिक इस्तेमाल करना पड़ रहा है। कश्मीर घाटी के तापमान की अगर बात करें तो अधिकतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस के अनुसार मौसम अगले दो दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा।
नौ नवंबर के बाद मौसम में सुधार की संभावना है। शुक्रवार को पूरी रियासत में मौसम खराब रहा। बादल घिरे रहे और घाटी के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों के साथ- साथ मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जिससे तापमान गिर गया है। घाटी क्षेत्र में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है।
वहीं, जम्मू संभाग में भी दिन भर बादल छाए रहे और बीच बीच में तेज हवा और हल्की बारिश हुई, जिससे जम्मू के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। श्रीनगर में 6.4 मिमी, काजीकुंड में 6.2 मिमी, पहलगाम में 6.6 मिमी, कुपवाड़ा में 4.5 मिमी, कोकरनाग में 4.0 मिमी, जम्मू में 0.6 मिमी, बटोत में 3.6 मिमी, कटड़ा में 6.0 और भद्रवाह में 2.8 मिमी बारिश हुई, जबकि उधमपुर एवं चिनैनी में भी हल्की बारिश हुई।
कठुआ के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों चंडीयार, छतरकलां, कालोगलां में भी बर्फ पड़ी और कठुआ के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हुई। इसके अलावा राजोरी जिले के मुगलरोड, पीर की गली, पीरपंजाल आदि ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फ पड़ी है। उधर, श्रीनगर में बारिश और घाटी के ऊंचे इलाकों में बर्फ गिरने से घाटी में शीतलहर का प्रकोप बढ़ा है।