कश्मीर में चिल्ले खुर्द के दौरान कश्मीर में शीतलहर में थोड़ी कमी आने से स्थानीय लोगों को राहत मिली है, लेकिन शनिवार देर शाम घाटी के गुलमर्ग और कुपवाड़ा के ऊंचे पर्वतीय शिखरों और जम्मू संभाग के सियोजधार में बर्फबारी हुई।
पत्नीटाप और नत्थाटाप में शीतलहर का असर तो रहा, लेकिन बादल छाने के बाद भी हिमपात नहीं हुआ। लेह और कारगिल क्षेत्र में भी न्यूनतम तापमान अभी भी माइनस में दर्ज किया जा रहा है। शनिवार को जम्मू संभाग में धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य तापमान के समान दर्ज हुआ।
राजोरी जिले में देर शाम बारिश हुई, जबकि भद्रवाह में भी शाम तक बादल छाए।श्रीनगर का अधिकतम तापमान सामान्य तापमान के करीब रिकार्ड हुआ और हलके बादल और धूप का सिलसिला जारी रहा। कारगिल का अधिकतम तापमान माइनस 5.0 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान माइनस 19.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
लेह का अधिकतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
जम्मू का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग श्रीनगर के मुताबिक राज्य के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में आगामी चौबीस घंटे के अंदर हलकी बर्फबारी हो सकती है।
आज श्रीनगर से जम्मू चलेगा यातायात-
रविवार को श्रीनगर से जम्मू के लिए यातायात चलेगा। एसएसपी ट्रैफिक (हाईवे) संजय कोतवाल ने बताया कि शनिवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए करीब पांच हजार वाहन रवाना हुए। एकतरफा वाहन चलाए गए। जम्मू से श्रीनगर जाने वालों में से करीब दो हजार यात्री वाहन सम्मिलित रहे।