नशों के खिलाफ नकेल डालने के लिए बनाई गई स्पेशल टास्क फोर्स ने शहर के समीपवर्ती गांव धीरा में एक जीप सवार छह लोगों को नशीले पदार्थ समेत गिरफ्तार किया है। एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 2 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपियों से एसटीएफ ने 310 ग्राम हेरोइन और 850 ग्राम चरस बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में सलामदीन उर्फ सूरम निवासी रक्ख बहूटी, विजयपुर (सांबा), मो. रफीक निवासी जिला कुपवाड़ा, अहमद निवासी सिमनार (कुपवाड़ा), मो. आजम खान निवासी केरन (कुपवाड़ा), सवारुद्दीन जिला कुपवाड़ा और सैफ अली निवासी ललियाना जम्मूू शामिल हैं। फरार आरोपी फारूक भी ललियाणा का ही रहने वाला बताया जाता है।
एसटीएफ इंचार्ज भारत भूषण ने बताया कि एसटीएफ की टीम ने धीरा पुल पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान एक जीप को रोककर तलाशी लेने पर उसमें सवार कुल सात लोगों से नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि एक फरार आरोपी को पकड़ने के लिए जांच शुरू कर दी है।