किश्तवाड़। पर्यटन विभाग ने सिंथन बर्फ महोत्सव की तैयारियां तेज कर दी हैं। किश्तवाड़ और अनंतनाग को जोड़ने वाला सिंथन पास एक बहुत ही खूबसूरत पास है। इस समय यहां 5 फुट से अधिक बर्फ है। शुक्रवार को जिला उपायुक्त डॉ. देवांश यादव ने मीडियाकर्मियों के साथ भी बैठक की। सिंथन महोत्सव के बारे में प्रचार रणनीतियों पर चर्चा की। कहा गया कि 19 और 20 मार्च को जिला प्रशासन की तरफ से सिंथन टॉप पर महोत्सव के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्नो गेम्स, स्टालों की स्थापना और अन्य गतिविधियों की व्यवस्था की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि उक्त आयोजन को आकर्षक एवं सफल बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि इस महोत्सव में शामिल होने वाले पर्यटन प्रेमियों को किसी तरह की असुविधा न हो। कहा कि महोत्सव में बाइक रैली, स्नो स्कीइंग, स्नो वॉलीबाल, स्नो और पैराग्लाइडिंग आदि शामिल हैं, ताकि प्रतिभागियों को शानदार अनुभव मिले। महोत्सव में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न प्रसिद्ध गायकों और स्थानीय गायकों की संगीतमय प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी।