अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आगामी श्री अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती होगी। इससे निपटने के लिए तैयारियां शुरू की गई हैं। यात्रा के काफिले में एक विशेष वाहन तैनात किया जाएगा, जो पूरे हाईवे की जांच करेगा ताकि आईईडी या अन्य विस्फोटक से बचा जा सके। दरअसल, एक साल में उधमपुर, कटड़ा, जम्मू, राजोरी और पुंछ में आईईडी से धमाके करने की वारदातें काफी बढ़ी हैं। यहां तक कि श्रीनगर में भी इस तरह की वारदातें हुई हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा को लेकर यह अहम कदम उठाया गया है।
सूत्रों के अनुसार जम्मू के भगवती नगर से लेकर श्रीनगर तक यह वाहन काफिले में शामिल रहेगा। पुलिस की एक दर्जन सब डिविजनों के अधीन यह वाहन रहेगा। जो हर एक डिविजन के बाद काफिले में शामिल होगा। सभी डिविजन में ऐसे एक-एक वाहन दिए गए हैं। इनमें आईईडी डिटेक्ट करने वाले विशेष उपकरण होंगे।
इस बार यात्रा की सुरक्षा के लिए होंगे पुख्ता प्रबंध
इस बार यात्रा की सुरक्षा में पहले की तुलना में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त होंगे। खासकर नेशनल हाईवे और इसको जोड़ने वाले तमाम संपर्क सड़कों पर कड़ा पहरा रहेगा। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की विशेष टुकड़ियां पहाड़ों पर मोर्चा संभालेंगी।