बारिश ने सांबा में भयंकर तबाही मचाई है। नदी-नाले खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं। मूसलाधार बारिश ने कई घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचाया। सांबा की केहली मंडी और संगवाली मंडी में पस्सियां गिरने और मिटटी खिसकने से दो मकान टूट गए।
केहली मंडी के लोगों को प्रशासन ने अस्थाई शिविर में स्थानांतरित किया है। सांबा के लिंक रोड पर स्थित एक थोक की दुकान की दीवार तोड़कर पानी अंदर घुस गया, जिसके चलते दुकान में रखा हजारों का सामान बर्बाद हो गया। सांबा के रानी सुचेत सिंह स्टेडियम के बिजली के हाई टेंशन खंबे भी टूट कर बसंतर में जा गिरे। औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव के कारण सैकड़ों कर्मी काम पर नहीं पहुंच सके। पानी की वजह से सिडको औद्योगिक क्षेत्र नहर में तब्दील हो गया जिसके चलते कई वाहन घंटों तक फंसे रहे। बारिश के चलते औद्योगिक क्षेत्र के फेज एक और दो का संपर्क टूट गया।