जम्मू। नगर निगम ने नियमों को ताक में रखकर बनाए जा रहे भवनों को सील करना शुरू कर दिया है। सोमवार को भी अभियान के तहत कार्रवाई की गई है। इस दौरान दो दुकानों को सील किया गया है।
नगर निगम को शिकायतें मिल रही हैं कि लोग बिना एनओसी के भवन और दुकानों का निर्माण कर रहे हैं। इन शिकायतों के बाद नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कड़ी में त्रिकुटा नगर की फ्रेंड्स कालोनी एक्सटेंशन में दो दुकानों को सील किया गया है। ये दुकानें मनदीप सिंह निवासी फ्रेंड्स कालोनी की हैं। दुकानों के निर्माण के लिए अनुमति नहीं ली गई है। यह कार्रवाई जेएंडके कंट्रोल आफ बिल्डिंग ऑपरेशन एक्ट 1998 के तहत की गई है। नगर निगम के आयुक्त पंकज मगोत्रा ने लोगों से अनुरोध किया है कि निर्माण कार्य के लिए पहले एनओसी लें। इसके बाद ही काम शुरू करें। नियमों की अवहेलना पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विदित हो कि अभी तक नगर निगम ने पांच घरों समेत छह दुकानें सील की हैं। सोमवार को जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई तो लोगों ने इसका विरोध किया। सचिव सुनैना शर्मा ने बताया कि दो दुकानें सील की गई हैं। यह नियम अनुसार नहीं बनाई गई थीं। इसके खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।