रियासत में गिरते पारे से कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित विश्व विख्यात पर्यटक स्थल गुलमर्ग में शुक्रवार की रात बीतेे पांच साल की सबसे सर्द रात बीती। डल झील सहित विभिन्न झीलें जमने लगीं हैं।
श्रीनगर में बीती रात का न्यूनतम पारा सामान्य से पांच डिग्री कम -6.8 और गुलमर्ग में 7 डिग्री कम -14.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले श्रीनगर में जनवरी 2012 में न्यूनतम तापमान -7.8 डिग्री और गुलमर्ग में 13 जनवरी 2012 को -16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। न्यूनतम -17.0 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ लेह सबसे सर्द रहा।
जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 15.4 और न्यूनतम तीन डिग्री गिरकर 3.6 डिग्री रहा। यहां शाम को हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार अगले 48 घंटों में जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के अधिकांश पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के साथ बारिश होगी।
कश्मीर में 17 जनवरी तक मौसम का मिजाज बिगड़ा ही रहेगा। भारी बर्फबारी की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासनों को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। कुपवाड़ा में भी बीती रात छह साल बाद रात का पारा सामान्य से छह डिग्री गिरकर -7.8 डिग्री दर्ज किया गया।
कारगिल में न्यूनतम तापमान -15.6, पहलगाम में -12.0 डिग्री रहा। बर्फबारी की सूरत में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, मुगल रोड, श्रीनगर-लद्दाख सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। पहले से हुई बर्फबारी से अभी भी कई सड़क मार्गों पर फिसलन है।