कठुआ जिले में 700 करोड़ की राशि के 100 मेगावाट सोलर पावर प्रोजेक्ट मामले में उपमुख्यमंत्री पर लगे आरोपों का प्रदेश भाजपा ने खंडन किया है। भाजपा ने इसे तर्कहीन और असत्य बताते हुए प्रेस काउंसिल और कोर्ट में जाने की चेतावनी दी है।
मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि उपमुख्यमंत्री और भाजपा की छवि खराब करने की साजिश की गई है।
उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो काम नेकां-कांग्रेस गठबंधन सरकार में हुए हैं उसके लिए भी उपमुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराकर गलत प्रचार किया जा रहा है।
सेठी ने कहा कि कठुआ जिले के छन्न रोड़िया में वर्ष 2013 में नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन सरकार ने 100 मेगावाट सोलर पावर प्लांट प्रोजेक्ट को 700 करोड़ की राशि से निर्माण को मंजूरी प्रदान की थी।