आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी कमेटी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने भारत में रहकर पाकिस्तान जिंदाबाद कहने वालों को गद्दार कहते हुए उन्हें इस्लाम और नबी विरोधी बताया है।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद की वार्षिक प्रबंधन कमेटी की बैठक के समापन समारोह में इंद्रेश कुमार ने कहा कि गद्दारों की लिए देश में कोई जगह नहीं है और उन्हें पाकिस्तान भेज दिया जाना चाहिए।
अगर पाकिस्तान उन्हें लेने से मना करे तो सुरक्षा एजेंसियां उन्हें गोली मार दें या तय करे कि उनके साथ कैसा बर्ताव करना है। कुमार ने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जाने की जरूरत है। इससे देश में रहने वाले मुसलमानों का मान-सम्मान भी बढ़ेगा।
आरएसएस नेता ने कहा कि गांधी जी की तरह उन्हें भी कश्मीर से रोशनी की किरण नजर आती है और जम्मू कश्मीर से ही गद्दार घोषित करने के कानून की शुरुआत होनी चाहिए, ताकि विदेशी षड्यंत्रों से देश की एकता और अखंडता की सुरक्षा की जा सके।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पीडीपी और भाजपा गठबंधन सरकार को अपवित्र गठबंधन से पवित्र गठबंधन बनकर दिखाना होगा।
अभी तक मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद मजबूरियों में फंसे दिख रहे हैं। कभी मसर्रत आलम तो कभी अफजल गुरु की बात की जाती है। ऐसी बातें न हों तो ही बेहतर है।