जम्मू। आगामी घरेलू क्रिकेट सीजन को देखते हुए जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) ने अपनी तैयारियां भी तेज कर दी हैं। जेकेसीए ने जूनियर पुरुष व महिला क्रिकेट टीम के चयन के लिए चयनकर्ताओं की सूची जारी की है। इन चयनकर्ताओं को कई स्तर की बैठक और साक्षात्कार के बाद नियुक्त किया गया है। चयनकर्ता टीम चयन में अहम भूमिका निभाएंगे। टीम चयन में पारदर्शिता लाने और भाई-भतीजावाद को बंद करने के उद्देश्य से जेकेसीए ने यह पहल शुरू की है।
जेकेसीए की उप-समिति के सदस्य और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मिथुन मन्हास की निगरानी में इस प्रक्रिया को पूरा किया गया है।
जेकेसीए चयर्नकर्ताओं के चयन के लिए आवेदन मांगे गए थे। इसमें 19 महिला और 12 पुरुष चयनकर्ताओं के आवेदन आए थे। महिलाओं में 11 और पुरुषों में तीन के आवेदन रद्द किए गए। जेकेेसीए उप-समिति के सदस्य ब्रिगेडियर अनिल गुप्ता ने कहा कि जेकेसीए के इतिहास में यह अपनी तरह का पहला कदम है। टीम चयन में पारदर्शिता लाने और भाई भतीजावाद को दूर करने के लिए यह बड़ी पहल है। अब टीम में चयन केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर होगा। उप-समिति जेकेसीए में सकारात्मक बदलाव लाने पर काम कर रही है, ताकि प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर मिले।