जम्मू। कश्मीरी पंडित सरपंच अजय पंडिता की हत्या के बाद जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पांच नई पुलिस चौकियां स्थापित करने व एक चौकी को थाना के रूप में अपग्रेड करने के आदेश दिए हैं। दो चौकियों को अपग्रेड भी किया जाएगा। इनमें 271 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी।
गृह विभाग की ओर से वीरवार को जारी आदेश में कहा गया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजमार्ग कार्यालय की स्थापना के लिए स्वीकृति प्रदान की जाती है। इसका मुख्यालय कुलगाम जिले के काजीगुंड में होगा। आदेश द्वारा पांपोर में सब डिविजनल पुलिस अधिकारी कार्यालय की स्थापना की भी मंजूरी दी गई। विभाग ने कुलगाम जिले के बेहीबाग पुलिस चौकी को अपग्रेड कर थाना बनाने को मंजूरी दी। इसके साथ ही डीके पोरा और संगम में पुलिस चौकियों को नियमित करने की स्वीकृति प्रदान की। पांच नई पुलिस चौकी स्थापित करने को भी मंजूरी दी गई है जिनमें अनंतनाग जिले के हिल्लर व दक्सुम, कुलगाम जिले के हतिपोरा व निल्लो तथा निल्लो और अवंतीपोरा के चुरसू स्थित टोल प्लाजा में चौकियां स्थापित की जाएंगी। सुरक्षा घेरे को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने इन सुरक्षा इकाइयों में 271 अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात करने के आदेश दिए हैं जिनमें एक एएसपी, एक डीएसपी, एक निरीक्षक, 19 उप निरीक्षक और नौ सहायक उप निरीक्षक शामिल हैं। यह सभी एंटी हाइजैकिंग यूनिट से तैनात किए जाएंगे।
दक्षिणी कश्मीर में आतंकवाद का असर काफी दिखने तथा युवाओं की भर्ती को देखते हुए सुरक्षा ग्रिड को मजबूत किया जा रहा है। पिछले दिनों अजय पंडिता की हत्या के बाद उप राज्यपाल ने नए सिरे से सुरक्षा समीक्षा की हिदायत दी। इसके तहत अल्पसंख्यकों के गांवों का ब्योरा मांगा गया था। माना जा रहा है कि जिन इलाकों में पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं उसके कार्यक्षेत्र में कश्मीरी पंडितों तथा अल्पसंख्यकों के कुछ गांव भी हैं।