जम्मू। भद्रवाह में पत्थरबाजी के बाद बने तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए जम्मू शहर के भी संवेदनशील इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। खुफिया विंग के साथ सिविल में पुलिस कर्मियों को तैनात कर हालातों पर नजर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। खुफिया विंग के कर्मी भी इन इलाकों में नजर रख रहे हैं, ताकि हिंसा की आढ़ में कोई माहौल खराब न कर सके। जानकारी के अनुसार शहर के बठिंडी, चौआदी, सुंजवां, सिद्दड़ा, रगूड़ा, बन तालाब, गुज्जर नगर, खटीका तालाब आदि इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस ने इन इलाकों को अलर्ट जारी कर दिया है, ताकि किसी तरह का माहौल खराब न हो।
शुक्रवार को जम्मू शहर की मस्जिदों के बाहर भी सुरक्षा बलों की तैनाती रही। पुलिस अधिकारी भी शहर के संवेदनशील इलाकों में नजर रखने के लिए दौरा करते रहे।
वहीं, अर्धसैनिक बलों को भी प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह के हालात होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि शहर में सुरक्षा को लेकर पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। साथ ही कड़ी नजर रखी जा रही है। वहीं, पुलिस का साइबर विंग भी सोशल मीडिया पर नजर रख रहा है, ताकि कोई भी शरारती तत्व सोशल मीडिया पर किसी तरह की भड़काऊ टिप्पणी कर सके। इसे लेकर भी अलर्ट किया गया है।
अप्रिय स्थिति से दुखी : जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि वह भद्रवाह में अप्रिय स्थिति से बेहद दुखी हैं। कहा- मैं दोनों समुदायों के बुजुर्गों और प्रमुखों से विनम्रतापूर्वक अपील करता हूं कि वे पारंपरिक सद्भाव बनाए रखने के लिए एक साथ आएं, जिसके लिए खूबसूरत शहर भद्रवाह को हमेशा से जाना जाता है। मैं लगातार डोडा के डीसी विकास शर्मा और जम्मू के मंडलायुक्त रमेश कुमार के संपर्क में हूं। दोनों अभी भद्रवाह में मौजूद हैं और व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
उम्मीद है लोग संयम से लेंगे काम : उमर
नेशनल कॉन्फ्रें स के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, उम्मीद करता हूं कि लोग संयम से काम लेंगे। जम्मू-कश्मीर में भद्रवाह और उसके आसपास फैले सांप्रदायिक तनाव के अलावा पहले से ही कई समस्याएं हैं। मैं सभी से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। मैं अपने पार्टी सहयोगियों से स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य बनाने में मदद देने का आग्रह करता हूं।
स्थिति अभी शांतिपूर्ण है। हालांकि, एहतियाती तौर पर डोडा और किश्तवाड़ जिलों में कर्फ्यू लगाया गया है। अफ वाह फैलने से रोकने के लिए भद्रवाह और किश्तवाड़ में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
-रमेश कुमार, मंडलायुक्त, जम्मू