कश्मीर घाटी में सुरक्षा बलों ने तीन अभियानों में लश्कर-ए-ताइबा के दो सक्रिय, तीन हाइब्रिड आतंकियों समेत छह दहशतगर्दों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चीन में बनी पांच पिस्टल, कारतूस और मैगजीन बरामद किए गए हैं।
बडगाम जिले में शुक्रवार को पुलिस ने एक हाइब्रिड लश्कर आतंकी मुदस्सिर एजाज निवासी हैदरपोरा तथा मददगार सैयद मुनतहा मेहराज न्यू कॉलोनी ओमपोरा को गिरफ्तार किया। उनके पास से चीन में बनी एक पिस्टल और एके राइफल की 35 गोलियां बरामद की गई हैं।
बारामुला में पुलिस ने सेना के साथ लश्कर के दो सक्रिय आतंकियों को गिरफ्तार किया है। उनकी शिनाख्त इरशाद अहमद मीर और जाहिद बशीर के रूप में हुई, दोनों नेहलपोरा पट्टन क्षेत्र के निवासी हैं। इनके कब्जे से 2 चीनी पिस्तौल, 18 कारतूस और 2 मैगजीन मिली हैं।
बारामुला जिले के सोपोर से सुरक्षाबलों ने हाइब्रिड आतंकी शोपियां निवासी फैजान अहमद पॉल और पुलवामा निवासी मुजमिल राशिद मीर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों सुरक्षा बलों के साथ-साथ बाहरी मजदूरों सहित नागरिकों पर हमले करने के अवसर की तलाश में थे। उनके पास से दो पिस्तौल, दो मैगजीन और पिस्टल की 5 गोलियां बरामद की गयी हैं।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी
हाइब्रिड आतंकी की शिनाख्त मुदस्सिर एजाज निवासी हैदरपोरा तथा मददगार सैयद मुनतहा मेहराज न्यू कॉलोनी ओमपोरा के रूप में हुई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन में यह पता चला है कि यह जिले में सक्रिय आतंकियों को परिवहन के साथ ही अन्य सुविधाएं मुहैया कराते थे। साथ ही हथियारों को भी एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाते हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।