पठानकोट के एयरफोर्स बेस पर हुए आतंकी हमले के बाद रियासत में हाई अलर्ट कर दिया गया। जम्मू और श्रीनगर एयरपोर्ट के अलावा जम्मू, उधमपुर और अवंतीपोरा के एयरफोर्स स्टेशनों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
खासकर अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे क्षेत्रों में सुरक्षाकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कटड़ा स्थित माता वैष्णो देवी के भवन और अन्य रघुनाथ मंदिर सहित अन्य धार्मिक एवं प्रमुख स्थलों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
शनिवार को सुरक्षा का जायजा लेने को डीजीपी के राजेंद्रा कुमार ने सीमांत इलाकों का दौरा किया। साथ ही कठुआ और सांबा के उच्च पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। कश्मीर घाटी में भी अर्द्धसैनिक बलों को अलर्ट कर दिया गया है। घाटी भर में जगह-जगह नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की गई।