सीमा पार बैठे आतंकी स्वतंत्रता दिवस पर किसी बड़े हमले को अंजाम दे सकते हैं। ऐसे इनपुट हैं कि कई आतंकी इंटरनेशनल बार्डर और एलओसी के नजदीक पाकिस्तानी रेंजरों के पास आकर रह रहे हैं, जो घुसपैठ की फिराक में हैं। पाकिस्तान में चुनाव के चलते पाकिस्तानी रेंजरों की ड्यूटी चुनाव में लगी थी। इसलिए दो महीने से शांत रहने वाली सीमा पर फिर से अशांति की आशंका है।
जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हर तरफ सुरक्षा मजबूत कर दी गई है। बार्डर से शहर के इलाकों को जोड़ने वालों सभी रास्तों पर जिला पुलिस की ओर से देर रात को भी नाके लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी गई है। सभी थाना प्रभारियों से कहा गया है कि वह अपना इलाका छोड़कर अगले 15 दिन तक कहीं नहीं जाएंगे।
जब भी सरहद पर खामोशी रही है तो उसके बाद आतंकी हमलों की कोशिश हुई है। सीमांत इलाकों के अलावा प्रमुख स्थानों, सैन्य प्रतिष्ठानों के बाहर भी सुरक्षा मजबूत की गई है। अखनूर के चिनाब दरिया में बाढ़ की स्थिति के बावजूद बीएसएफ के सतर्क जवान चिनाब पर पूरी नजर रख रहे हैं, ताकि कोई आतंकी चिनाब से घुसपैठ न कर सकें।