जम्मू-कश्मीर के सोपोर में बारिश के बीच सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया है। यह अभियान बारामुला के बोमिया में चलाया जा रहा है। जिसे सेना की 22-आरआर(राष्ट्रीय राइफल्स), सोपोर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम अंजाम दे रही है।
इससे पहले जम्मू पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के टेरर फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए सोमवार को आतंकी संगठन के एक मददगार को गिरफ्तार किया था। उसके पास से डेढ़ लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि पाकिस्तानी कमांडर हारुन ने पाकिस्तान से यह पैसे भेजे थे। इन्हें डोडा में आतंकियों तक ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) के जरिए पहुंचाया जाना था।
जिला पुलिस को सूचना मिली कि लश्कर कोई बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। वारदात विशेष तौर पर जम्मू संभाग में की जानी है। इसके लिए हवाला के पैसे लेने के लिए एक मददगार जम्मू आया है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसओजी जम्मू और पीर मिट्ठा पुलिस ने तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने आतंकियों के एक मददगार को पकड़ लिया। उसकी पहचान डोडा के साजन निवासी मुबस्सिर भट के रूप में हुई है।
उसे सीमा पार के हैंडलर की ओर से जम्मू जाकर हवाला के पैसे लेने का काम सौंपा गया था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक टिफिननुमा बैग बरामद किया गया। उसने इसमें डेढ़ लाख रुपये छिपाकर रखे थे। पुलिस के अनुसार पकड़े गए मददगार से कहा गया था कि पैसे लेने के बाद इसे आतंकियों तक पहुंचाना है, ताकि वे वारदात को अंजाम दे सकें लेकिन वह पहले ही पकड़ लिया गया।