जम्मू रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा समीक्षा के दौरान डीआईजी रेलवे । स्रोत रेलवे
जम्मू। जम्मू और सांबा जिलों में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने व्यापक समीक्षा की। इस दौरान रेलवे ट्रैक की सुरक्षा, संभावित कमजोरियों और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया गया।समीक्षा का नेतृत्व डीआईजी जम्मू श्रीधर पाटिल और डीआईजी रेलवे ने संयुक्त रूप से किया। उनके साथ एसएसपी रेलवे जम्मू और एसएसपी सांबा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिला पुलिस कार्यालय सांबा में संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक की। इसमें मौजूदा सुरक्षा स्थिति और रेलवे की सुरक्षा के लिए किए जा रहे उपायों पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद अधिकारियों ने सांबा के चक मंगा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक के आसपास सुरक्षा से जुड़ी संभावित कमजोरियों का आकलन किया गया और सुरक्षा उपायों को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
इसके बाद अधिकारियों ने जम्मू रेलवे स्टेशन का दौरा कर कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली और वहां तैनात कर्मचारियों की सतर्कता की जांच की। समीक्षा का उद्देश्य रेलवे परिसर और ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना तथा किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों को परखना था। ब्यूरो