सर्च ऑपरेशन के दौरान सेना के जवान
- फोटो : File Photo
अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा में रविवार को सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। इलाके की न्यू कालोनी में घर-घर तलाशी ली गई। आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर यह कार्रवाई की गई थी। इससे पहले सुबह पहलगाम इलाके के लिवर गांव में भी सर्च आपरेशन चलाया गया था।
इधर बीच दक्षिणी कश्मीर में आतंकियों की गतिविधियां बढ़ने के खुफिया इनपुट्स हैं। यहां से कई इलाकों में आतंकी वारदातों को अंजाम देने की भी साजिश किए जाने की सूचना है।
आतंकियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए ही पिछले दिनों दक्षिणी कश्मीर के लिए सुरक्षा बलों की तीन अतिरिक्त कंपनियां भेजी गई हैं, ताकि इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि कश्मीर में हिंसा की आड़ में दक्षिणी कश्मीर में आतंकियों का जमावड़ा हो गया है। गांवों तक में इनकी मौजूदगी देखी जा सकती है। हाल के दिनों में दक्षिणी कश्मीर में ही हथियार लूट की घटनाएं हुई हैं। इस बात के भी इनपुट्स हैं कि कई युवा पिछले दिनों लापता हुए हैं, जिन्होंने आतंकी संगठन का दामन थामा है।