विश्व विरासत सप्ताह के उपलक्ष्य में बिक्रम चौक स्थित कला केंद्र में आयोजित हेरिटेज प्रदर्शनी के दूसरे दिन वीरवार को लोगों की भीड़ उमड़ी रही। स्कूली बच्चों के समूह बड़ी तादाद में अपनी विरासत को देखने के लिए उमड़े रहे।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर भाषा, संस्कृति और कला अकादमी के तत्वावधान में प्रदर्शनी का उद्घाटन बुधवार को हुआ था, जिसका समापन शुक्रवार को तीन बजे के बाद लोक कलाकारों की संगीतमय प्रस्तुतियों के साथ होगा।
जम्मू के कला केंद्र में आयोजित इस विरासत प्रदर्शनी में जहां लोगों द्वारा पुरानी कलाकृतियों को निकट से देखा जा रहा है, वहीं बसोहली आर्ट गैलरी में दर्शकों की भीड़ लगी रही। लोक कलाकारों की डोगरी धुनें, कश्मीरी संस्कृति, गोजरी और लेह, लद्दाख की प्राचीन कला भी उजागर हो रही है।
प्राचीन वाद्य यंत्रों को भी इस प्रदर्शनी में लोग देखना पसंद कर रहे हैं। कश्मीरी, गोजरी और डोगरी परिधान संस्कृति मूल्यों को भी आभूषणों सहित दर्शाया गया है।