समरौली स्थित एक मदरसे में शिक्षक द्वारा कथित रूप से पीटने पर मदरसे में पढ़ने वाला एक छात्र भाग निकला। छात्र को मदरसे के शिक्षकों द्वारा उधमपुर की टाउन हाल रोड पर पकड़ा गया।
शिक्षकों द्वारा जबरन मदरसे में ले जाने के प्रयास में छात्र की टांग पर चोट लग गई। मदरसे में कथित पिटाई से परेशान छात्र पहले भी दो बार भागने की कोशिश कर चुका है। छात्र के पिता द्वारा कोई शिकायत नहीं करने के कारण पुलिस ने भी कोई मामला दर्ज नहीं किया और उसे अभिभावकों को सौंप दिया।
समरोली स्थित मदरसे में पढ़ने वाला 12 वर्षीय छात्र पैदल ही 15 किमी का सफर कर उधमपुर पहुंच गया। छात्र को ढूंढ़ते हुए मदरसे में पढ़ाने वाले दो शिक्षक उधमपुर आ पहुंचे।
छात्र को टाउन हाल रोड पर अकेला जाता देखकर शिक्षक उसे ले जाने के लिए चिनैनी की मेटाडोर पर बैठाने लगे। इस दौरान उसकी टांग पर चोट आ गई। बाजार से गुजर रहे लोगों ने यह वाकया देखते ही पुलिस को सूचना दी। इसके बाद छात्र को दोनों शिक्षकों के साथ थाने लाया गया।