यदि आप स्टेट बैंक आफ इंडिया के ग्राहक हैं और अपने अकाउंट से संबंधी जानकारी चाहते हैं या अपनी कोई जानकारी बैंक में फीड करनी है तो आपको किसी बैंक शाखा के कर्मचारी से पूछने की जरूरत नहीं है।
एसबीआई जल्द ही मेट्रो शहरों की तर्ज पर ‘इन टच बैंकिंग’ खोलने जा रही है। जहां आपको कोई बैंक मुलाजिम नहीं मिलेगा। सिर्फ कंप्यूटर और आधुनिक सुविधाएं होंगी। आप इस सेंटर पर जाकर अपना बैंकिंग का काम आन लाइन कर सकते हैं।
यदि आपको किसी सहायता की जरूरत है तो कंप्यूटर की स्क्रीन पर ही बैंक कर्मी मदद करेगा। एसबीआई के डीजीएम एके सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रियासत में पहली बार बनने वाला यह सेंटर जम्मू के रेल हेड कांप्लेक्स स्थित एसबीआई मुख्यालय में होगा।
भविष्य में ऐसा ही सेंटर श्रीनगर में खोला जाएगा। जम्मू में यह सेंटर जनवरी तक तैयार हो जाएगा। इसके लिए मुंबई से उपकरण आ रहे हैं।