सांबा। सांबा-मानसर मार्ग पिछले एक महीने से पूरी तरह बंद है लेकिन प्रशासन की लापरवाही के चलते अब तक मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका है। 26 अगस्त को भारी बारिश के बाद जमोड़ा के पास बिंदु बेड़ा स्थान पर पहाड़ी धंसने से मार्ग अवरुद्ध हो गया जिससे आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा। मगर प्रशासन ने त्वरित राहत का कोई ठोस प्रबंध नहीं किया।
मार्ग बंद होने से सैकड़ों दुकानदारों की रोजी-रोटी मुश्किल में पड़ गई है। दुकानदार रमेश सिंह का कहना है कि पहले यहां से सैकड़ों वाहन गुजरते थे, उधमपुर और कश्मीर जाने का यह सबसे छोटा रास्ता था। अब प्रशासन की लापरवाही से हमारा व्यवसाय बर्बाद हो गया है। अन्य दुकानदारों ने भी प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाया।
89 लाख के टेंडर के बाद भी काम नहीं शुरू
पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता विजय कुमार ने बताया कि 89 लाख रुपये के टेंडर के बावजूद अभी तक मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टेंडर की प्रक्रिया में ही प्रशासन ने इतना समय बर्बाद कर दिया कि लोगों को एक महीने से अधिक समय से परेशानी उठानी पड़ रही है।
उपायुक्त का आश्वासन, लेकिन कार्रवाई नहीं
जिला उपायुक्त आयुषी सूदन ने मार्ग की मरम्मत का आश्वासन दिया है लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं दिख रहा। विधायक सुरजीत सिंह स्लाथिया ने प्रशासन पर कार्य में देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए।
लोगों में गुस्सा
स्थानीय निवासी और दुकानदारों का कहना है कि अगर जल्द ही मार्ग नहीं खोला गया तो वे सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। उनका आरोप है कि प्रशासन नौकरशाही में उलझकर रह गया है और आम लोगों की परेशानियों की परवाह नहीं कर रहा।