स्पीकर कवींद्र गुप्ता ने सरकार को रियासत में स्थित सेना के आयुध डिपो का सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के पुलगांव में सेना के आयुध डिपो में लगी आग की घटना के मद्देनजर यहां सेफ्टी आडिट जरूरी हो गया है।
आयुध डिपो का सेफ्टी आडिट कराने का मुद्दा बुधवार को नेशनल कांफ्रेंस के विधायक देवेंद्र राणा ने विधानसभा में प्रश्नकाल खत्म होने के बाद उठाया। उन्होंने अध्यक्ष से मांग की कि वह राज्य के सभी आयुध डिपो का सेफ्टी ऑडिट करवाने के लिए राज्य सरकार को निर्देश दें।
हालांकि, शुरुआत में विधानसभा अध्यक्ष ने इस मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था। राणा ने कहा कि सरकार में कोई भी उनके उठाए गए मुद्दे पर गौर नहीं कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नींद तब खुलेगी जब लोग मारे जाएंगे। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को महाराष्ट्र के पुलगांव में एशिया के सबसे बड़े आयुध डिपो में भीषण आग लगी, जिसमें 19 लोगों की मौत हो गई थी।