रियासी में आयोजित शिक्षा वर्ग में भाग लेते कार्यकर्ता। संवाद
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का 15 दिवसीय शिक्षा वर्ग का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। गीता नगर स्थित लारेंस स्कूल में 15 दिन से जारी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के शिक्षा वर्ग का रविवार को समापन हो गया। इस संदर्भ में एक कार्यक्रम का आयोजन माड़ी में स्थित इनडोर स्टेडियम में किया गया। इसमें हिंदू समाज को संगठित करने पर जोर दिया गया।
आरएसएस के सर्वाधिकारी बलदेव सिंह व कार्यक्रम प्रधान सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता मंगा राम कोतवाल, प्रांत संघ चालक गौतम मेंगी, उत्तर क्षेत्र कार्यवाहक रोशन लाल कार्यक्रम में मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसमें शारीरिक प्रदर्शन, वर्ग प्रतिवेदन, अध्यक्ष भाषण हुआ। इसके अलावा एकल गीत का उद्घोष उपस्थित सभी लोगों ने एक साथ किया।
इसके साथ ही मुख्य वक्ता उद्घोषण के बाद धन्यवाद ज्ञापन हुआ। कार्यक्रम में बताया गया कि पिछले सौ वर्षों से हिंदू समाज को संगठित कर भारत वर्ष को संबल राष्ट्र के रूप विश्व पटल पर स्थापित करना मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम का समापन ध्वज वितरण के साथ हुआ।
शिक्षा वर्ग में 184 शिक्षार्थियों ने हिस्सा लिया, जिसमें हिमाचल प्रदेश व उत्तर प्रदेश के शिक्षार्थी भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण देने के लिए 22 शिक्षक व 30 प्रबंधक पूरे समय उपलब्ध रहे।