उधमपुर से आ रहा था वाहन, जमोड़ा मोड़ के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। सांबा-मानसर मार्ग में जमोड़ा मोड़ पर शुक्रवार तड़के डंपर खाई में गिर गया। हादसे में डंपर चालक की माैत हो गई। जानकारी के अनुसार वीरवार मध्य रात्रि करीब तीन बजे डंपर उधमपुर से नड्ड की तरफ आ रहा था। मानसर क्षेत्र में गांव जमोड़ा मोड़ के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डंपर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में चालक सुरिंदर सिंह (35), निवासी पल्थ नड्ड की जान चली गई। सूचना मिलते ही मानसर पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। शव खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल सांबा भेज दिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमोड़ा मोड़ बना दुर्घटना संभावित
क्षेत्र, चेतावनी संकेतक लगाने की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार जमोड़ा मोड़ एक दुर्घटना संभावित इलाका है। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले पांच से सात वर्षों में यहां 15 से अधिक हादसे हो चुके हैं। सराईं निवासी अजय सिंह ने बताया कि इसी क्षेत्र में 9 जून 2025 को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में दो पहलवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हालांकि सड़क के किनारे सुरक्षा के लिए लोहे के एंगल लगाए गए हैं लेकिन चेतावनी संकेतक नहीं हैं। लोगों ने प्रशासन से उचित संकेतक और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।