आरएस पुरा/मीरां साहिब। शनिवार सुबह दिन निकलने पर अहम स्थानों पर पुलिस द्वारा कंटीले तार लगा कर बाजारों को जाने वाले मार्ग को बंद करने पर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुबह दुध व सब्जी सहित अन्य वाहनों को भी जम्मू की तरफ नहीं जाने दिया गया। हालांकि दोपहिया वाहन जरूर सड़कों पर नजर आए। अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर शरिवार को प्रशासन ने धारा 144 लगाने के साथ बाजारों को भी बंद करवा दिया था। वहीं, पुलिस ने लाउड स्पीकर के माध्यम से दुकानों बंद रखने की घोषणा के बाद दिनभर बाजारों में रेहड़ी-फड़ी भी नहीं लग पाईं। कई स्थानों पर विद्यार्थियों को नाके से वापस भेज दिया गया।
प्रशासन की ओर से रात को ही स्कूल-कालेज बंद करने के निर्देश जारी किए गए थे, मगर जिन्हें जानकारी नहीं थी उन्हें वापस लौटना पड़ा। वहीं, बसों सहित अन्य वाहनों के नहीं चलने से शनिवार को सरकारी कार्यालयों में कर्मियों की संख्या काफी कम रही। नाकों पर पहचान पत्र दिखाने के बाद ही कर्मियों को आगे जाने दिया। व्यापारिक संगठने धारा 144 लगाने और बाजार बंद करने पर रोष जताया।
बम पटाखे फोड़ने पर हिरासत में लिए युवक, बाद में छोड़ूे
कई स्थानो पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बम पटाखे फोड़ने पर पुलिस ने कई युवाओं को हिरासत में लिया। जिन्हें पूछताछ और चेतावनी के बाद छोड़ दिया गया। आरएस पुरा पुलिस ने लोगों से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की। वहीं, कानून का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।