पुलिस ने बडगाम जिले के पीएसओ से राइफल छीनने के मामले में उस भाजपा नेता गुलाम मोहम्मद चोपन को हिरासत में ले लिया है, जिसका वह पीएसओ था। पुलिस उसके पुत्रवधू से भी पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि मंगलवार को चडूरा पंजन गांव के गोरी मोहल्ले में चोपन अपने घर में थे उसी समय कुछ लोग उनसे मिलने पहुंचे। घर के बाहर उनके पीएसओ उनसे पूछताछ कर रहा था। इसी बीच एक व्यक्ति ने पीएसओ की राइफल छीन ली और फरार हो गया।
पुलिस ने घटना के बाद पीएसओ को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद अलर्ट जारी कर आतंकी की खोजबीन की गई, लेकिन वह नहीं मिला। पीएसओ से पूछताछ के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर भाजपा नेता को भी हिरासत में ले लिया है। नेता से पूछताछ के साथ ही उसकी पुत्रवधू से भी पुलिस ने पूछताछ शुरू की है।