जम्मू-कश्मीर की बड़ी खबरों से संबंधित तस्वीरें
- फोटो : अमर उजाला
राज्य के विशेष दर्जे को समाप्त किए जाने के बाद घाटी के हालात तेजी से सामान्य की ओर बढ़ रहे हैं। घाटी के 11 और थाना क्षेत्रों में पाबंदियों में ढील दी गई है। अब घाटी में 105 थाना क्षेत्रों में से 82 में कोई पाबंदी नहीं है। सड़कों पर निजी वाहन चलते देखे गए।
टेलीफोन सेवा की बहाली तेजी के साथ किए जा रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा बलों की अब भी पैनी नजर है। संवेदनशील इलाकों में खास सतर्कता बरती जा रही है। घाटी में लैंडलाइन बहाली का काम भी तेजी से चल रहा है। और 29 टेलीफोन एक्सचेंजों में लैंडलाइन सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।
ये एक्सचेंज पहले से चालू 47 एक्सचेंज से अलग हैं। हालांकि, लाल चौक और प्रेस एनक्लेव इलाके में सेवाएं अब भी बाधित हैं। सड़कों से सार्वजनिक वाहन नदारद हैं। कुछ इलाकों में इक्का दुक्का सार्वजनिक वाहन चलते देखे गए। श्रीनगर में निजी वाहनों की आवाजाही दिखी। शहर के सिविल लाइन इलाकों में कुछ रेहड़ी वालों ने अपनी दुकानें लगाई।
उन्होंने बताया कि घाटी के अधिकतर इलाकों में अवरोधक और पाबंदियां हटा ली गई हैं, लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाबलों की तैनाती जारी है। फिलहाल कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। ज्ञात हो कि घाटी में शुक्रवार को जुमा की नमाज को देखते हुए पाबंदियां लगाई गई थीं। केवल एंबुलेंस को और आपात मामलों में ही आने-जाने की अनुमति थी। शनिवार सुबह अधिकतर इलाकों से पाबंदियां हटा दी गईं।