उत्तरी कश्मीर के नौगाम और गुरेज सेक्टर में एलओसी पर हिमस्खलन के दौरान लापता सेना के पांच जवानों को तलाशने के लिए लगातार तीसरे दिन वीरवार को भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। सेना के अनुसार ऑपरेशन में सेना के हाई ऑलटीट्यूड वॉरफेयर स्कूल की विशेष टीमें लगी हुई हैं।
घाटी में तैनात सेना की 15वीं कोर के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि लगातार तीसरे दिन भी गुरेज और नौगाम सेक्टर में सेना द्वारा लापता पांच जवानों को तलाशने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। फिलहाल उनका पता नहीं लग पाया है।
ऑपरेशन में वारफेयर स्कूल की विशेष टीमों के साथ ही विशेष एवलांच रेस्क्यू टीम (एआरटी) भी जुटी हुई हैं। कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में सेना की 20 डोगरा रेजीमेंट के दो जवान सोमवार देर रात को हिमस्खलन के चलते लापता हो गए।
मंगलवार तड़के सेना की 36 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के तीन जवान उस समय लापता हुए जब बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटे बकोत्रे इलाके में स्थित नानी पोस्ट पर हिमस्खलन की घटना घटी।