तवी में फंसे पिता-पुत्र को निकालने के लिए रेस्क्यू करते सुरक्षा बल के जवान।
जम्मू। शहर से सटे नगरोटा क्षेत्र में तवी नदी में अचानक बढ़े जल स्तर से दो लोग नदी के बीचों बीच फंस गए। पिता-पुत्र अपनी भैंस को नदी से बाहर निकालने गए थे, लेकिन पानी अचानक बढ़ गया। पुलिस को सूचना देने पर पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनाें को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार शम्सदीन और उसका बेटा लादेन तवी नदी में अपनी भैंस को पकड़ने के लिए गए थे। यह भैंस पानी बढ़ने की वजह से तवी के एक छोर से दूसरे छोर पर चली गई थी। तवी नदी से वापसी के दौरान पानी का स्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव में दोनों के बहने का खतरा बन गया। फौरन पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स के दल को बुला लिया गया। एसडीपीओ मोहन लाल भी मौके पर पहुंच गए। दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बोट के जरिए फंसे हुए पिता और पुत्र को बाहर लाया गया। डीएसपी मोहन लाल ने बताया कि समय पर सूचना मिलने पर दोनों लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। बरसात के सीजन में लोगाें को नदी नालों में जाने से परहेज करना चाहिए।