संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। नगर में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह जनरल जोरावर सिंह खेल स्टेडियम में होगा। सुरक्षाबलों को टुकड़ियों के साथ नेशनल कैडेट कोर्स (एनसीसी) के कैडेट्स व विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी मार्च पास्ट कर परेड में हिस्सा लेंगे। समारोह की तैयारियों को लेकर डिप्टी कमिश्नर निधि मलिक ने शुक्रवार को अधिकारियों साथ बैठक की।
बैठक में बताया गया कि स्कूलों के विद्यार्थियों की तरफ से सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था, पीने के पानी की सुविधा, बिजली आपूर्ति, परिवहन सुविधा आदि पर चर्चा की गई। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सभी सरकारी व ऐतिहासिक इमारतों पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाकर उन्हें जगमग करने के डीसी ने आदेश दिए। समारोह को उल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया जाए, अधिकारियों को इसे सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में मार्च पास्ट व सांस्कृतिक कार्यक्रम की रिहर्सल भी शुरू होगी। जिले के सभी सब डिविजनल मजिस्ट्रेट को अपने क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने के लिए उचित प्रबंध करने को कहा गया।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर सुखदेव सिंह संब्याल, आईआरपी पहली बटालियन की एसएसपी अनीता शर्मा, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, एसपी इफ्तिखार अहमद, चीफ प्रोजेक्ट ऑफिसर नरेंद्र कुमार व अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।