हुर्रियत छोड़ चुके अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी के नाम से सोशल मीडिया में पत्र जारी होने पर पुलिस अलर्ट हो गई है। बडगाम पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि गिलानी के परिवार ने इसे फर्जी बताया है।
गिलानी के नाम से जारी पत्र में लोगों से आतंकी कमांडर बुरहान वानी सहित अन्य आतंकी कमांडरों को श्रद्धांजलि देने के साथ 8 और 13 जुलाई को हड़ताल की अपील की गई है। सोशल मीडिया में पत्र वायरल होने के बाद पुलिस ने इसे लेकर स्पष्टीकरण दिया। ट्वीट किया कि गिलानी के परिवार ने इस पत्र को फर्जी बताया और कहा कि इसे गिलानी ने नहीं पाकिस्तान से जारी किया गया है।
पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने के उद्देश्य से जारी इस पत्र को शेयर करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। बता दें, गिलानी ने हाल ही में ऑल पार्टी हुर्रियत कान्फ्रेंस (एपीएचसी) से खुद को अलग करने की घोषणा की थी।