भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं जम्मू कश्मीर मामलों के रणनीतिकार राम माधव छह नवंबर को रियासत के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह पार्टी नेताओं के साथ रियासत के हालात पर चर्चा करने के अलावा आगामी चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति की जानकारी भी हासिल करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार छह नवंबर को श्रीनगर नगर निगम के मेयर का शपथ ग्रहण समारोह भी होगा। इसमें भी राम माधव के साथ पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना और कश्मीर प्रभारी सुनील शर्मा के मौजूद रहने की संभावना है। निकाय चुनाव में कश्मीर में भाजपा ने पहली बार बेहतर प्रदर्शन किया हैं और श्रीनगर नगर निगम में भी भाजपा मेयर बनाने को लेकर किंग मेकर की भूमिका में है।
ऐसे में पार्टी प्रयास कर रही हैं कि उसके समर्थन से किसी निर्दलीय कॉरपोरेटर को मेयर बनाया जा सकें। नेकां छोड़ आए जुनेद मट्टू को मेयर बनाने की रणनीति पर भी भाजपा काम कर रही है। राम माधव के रियासत के दौरे के दौरान पंचायत चुनाव में भाजपा की भूमिका व पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के लिए प्रचार से संबंधित रणनीति पर भी चर्चा होने के आसार है।