उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर से वीरवार को सुरक्षा बलों ने लश्कर के तीन ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार किया। राफियाबाद के चटलोरा क्रॉसिंग के पास सुरक्षा बलों ने नाका लगाया था तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को रोका गया, लेकिन वे भागने लगे। इस पर उन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। तीनों की शिनाख्त अख्तर रसूल लोन, इरफान अहमद अशरफ डार व तारिक अहमद तांत्रे के रूप में हुई है। एसएसपी सोपोर ने तीनों के पकड़े जाने की पुष्टि की है।
वहीं, उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में आतंकियों ने भारतीय सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला किया। हमले में सेना ने एक स्थानीय आतंकी को मार गिराया। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है।