केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का शुक्रवार को ढांगरी में आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने का दौरा रद्द हो गया। खराब मौसम के चलते उनके विमान को उड़ान की अनुमति नहीं मिली। गृह मंत्री जम्मू तक पहुंचे, लेकिन जम्मू से राजोरी तक नहीं पहुंच पाए और ढांगरी के पीड़ित परिवारों से फोन पर ही बात करके उन्हें आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार उनके साथ खड़ी है। उनको हर प्रकार की सुविधा प्रदान करने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
ढांगरी हमले में मारे गए दीपक और प्रिंस की मां को अमित शाह ने फोन पर आश्वासन दिया कि वह अपनी अगली यात्रा पर उनसे मिलने जरूर आएंगे। पीड़ित मां ने कहा कि उसने अपने दोनों बेटों को ढांगरी हमले में खो दिया। कहा कि जब तक वह आतंकियों के शव नहीं देख लेती उसके दिल को सुकून नहीं मिलेगा। सरोज बाला ने आंसू पोंछते हुए केंद्रीय मंत्री को बताया कि अब उसके बेटे तो वापस नहीं आ सकते, लेकिन बेटों के हत्यारों को जल्द से जल्द सजा दी जाए।
उन्होंने अमित शाह के आश्वासन पर भरोसा जताया कि ढांगरी हत्याकांड में शामिल आतंकियों को मौत के घाट उतारने के अलावा उनका साथ देने वाले अन्य लोगों को बेनकाब कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी आतंकवादियों का साथ देने का साहस न कर सके। ढांगरी हत्याकांड में मारे गए अन्य लोगों के परिजनों ने भी केंद्र सरकार पर भरोसा जताते हुए बताया कि उन्हें विश्वास है कि केंद्र सरकार उनके अपनों का हत्यारे आतंकियों का जल्द सफाया करेगी और उन्हें न्याय मिलेगा।
अमित शाह ने पीड़ित परिवारों से फोन पर बात करते हो उन्हें आश्वासन दिलाया कि उनके एरिया में और अन्य अल्पसंख्यक समुदाय वालों गांवों में वीडीसी को मजबूत किया जा रहा है, उनको हर प्रकार की सुरक्षा प्रदान की जाएगी और खासकर उन आतंकवादियों को जल्द पकड़ के ढेर किया जाएगा।