जम्मू। सेना की राइजिंग स्टार कोर के टाइगर डिवीजन ने सोमवार को 80वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर टाइगर डिवीजन के डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर गौतम सेगन और लेफ्टिनेंट कर्नल रिशमा सरीन और जीओसी मेजर जनरल नीरज गोसाईं ने टाइगर वार मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जीओसी ने सभी रैंकों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई दी और सभी रैंकों को राष्ट्र की सेवा के लिए खुद को फिर से समर्पित करने का आह्वान किया। इस मौके पर अधिकारियों, जेसीओ और अन्य रैंकों ने भी शहीदों को उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया।
डिवीजन ने स्थापित किए हैं वीरता के कई कीर्तिमान
हर साल 21 मार्च को स्थापना दिवस मनाया जाता है। डिवीजन की शुरुआत 1942 में हुई थी और द्वितीय विश्वयुद्ध में भाग लिया था, जिसके बाद से इसे डी-मोबिलाइज किया गया। डिवीजन ने वीरता के कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मार्च 1948 में पहले भारत-पाक युद्ध के दौरान इसे फिर से खड़ा किया गया। इसने 1965 और 1971 के युद्धों और ऑपरेशन विजय, ऑपरेशन पराक्रम और ऑपरेशन जफरान जैसे विभिन्न सैन्य अभियानों में भाग लिया है।