बुधवार को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई जबकि अधिकतर मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। श्रीनगर में सुबह हल्की बारिश हुई, लेकिन, दोपहर के बाद मूसलाधार बारिश हुई जिससे श्रीनगर के कई हिस्सों की सड़कें पानी से भर गईं।
उधर, मीरां साहिब जम्मू में बिजली गिरने से एक किशोर वीफादीन की मौत हो गई व उसका भाई घायल हो गया उनकी भैंस भी मारी गई। रियासी जिले में भी बिजली गिरन से चार मवेशियों की मौत हो गई। कश्मीर घाटी में चिल्लां खुर्द जारी है।
पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से शीत लहर का असर बढ़ा है। पर्यटन स्थल गुलमर्ग, सोनमर्ग, गुरेज, टंगधार, राजदान पास आदि इलाकों में बर्फबारी हुई। राजोरी के मैदानी इलाकों में बारिश व पर्वतीय क्षेत्र मुगलरोड व पीर की गली में बर्फबारी हुई।
कठुआ, बसोहली में बारिश, बिलावर के पहाड़ी चौरु गलां, देरी गलां, सेरी गलां में दो फुट बर्फबारी हुई। उधमपुर और चिनैनी में ओलावृष्टि हुई। श्रीनगर का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस, कारगिल का माइनस 7.2, लेह का न्यूनतम तापमान माइनस 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू का न्यूनतम तापमान 13.8 रिकार्ड रहा। मौसम के बिगड़े मिजाज का हालांकि, हाईवे पर कोई असर नहीं रहा। बुधवार को करीब चार हजार वाहन श्रीनगर से जम्मू के लिए रवाना किए गए। वीरवार को हाईवे पर जम्मू से श्रीनगर की ओर वाहन रवाना किए जाएंगे।