जम्मू। शनिवार सुबह से हो रही बारिश के कारण सड़कों में जलभराव रहा। इस कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ है। बारिश के कारण सड़कों और गलियों में रेत आ गई है। कचरा गलियों में बिखरा रहा है।
शहर के महेशपुरा चौक, ज्यूल चौक, डोगरा चौक, कनाल रोड, पनामा चौक, गांधी नगर और शास्त्री नगर इलाकों में जलभराव रहा। बारिश थमने के बाद ही पानी की निकासी हो सकी है। कनाल रोड में रेत सड़कों पर आ गई, जिससे दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हुए हैं। कनाल रोड में बाइक फिसलने से चालक को मामूली चोटें आई हैं। फ्लाईओवर शिव मंदिर के पास दो स्कूटी चालक गिर पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जीएमसी से घर भेज दिया गया है।
बारिश के चलते शहर में सफाई नहीं हो पाई, जिससे कचरा पानी के साथ सड़कों और गलियों में फैल गया। इस कारण रास्तों से गुजरने में लोगों को परेशानी आई। किशन नगर में नाला ओवरफ्लो हुआ। बहु फोर्ट में बिजली का खंभा गिर गया, जिससे घंटों बिजली गुल रही। बाद में अस्थाई बंदोबस्त कर आपूर्ति बहाल की गई। कालिका कालोनी में बारिश के पानी घरों में घुस गया है। हालांकि शहर में नाले उफान पर रहे, लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ है। तवी नदी का जल स्तर तीन से चार फुट बढ़ा है। सतवारी-रायपुर, बेलीचराना, छन्नी रामा, छन्नी हिम्मत आदि इलाकों में सड़कों पर पड़े गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।