रियासत कई हिस्सों में वीरवार को जमकर बारिश हुई। बटोत में बादल फटने से 72.6 मिलीमीटर तक बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार रियासत में 18 मई तक मौसम बिगड़ा रहेगा।
श्रीनगर में 3.1 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई तो पहलगाम में 10.6 मिलीमीटर बारिश हुई। बटोत में सबसे ज्यादा 72.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 13 मई को कश्मीर और जम्मू संभाग के अधिकतर इलाकों में बारिश होगी।
14 मई को कुछ इलाकों में बारिश होगी। ऐसा ही हाल 15 मई को भी रहेगा। 16 मई को भी कुछ इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। 17 मई को अधिकतर इलाकों में बारिश होगी। 18 मई को भी जम्मू और कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि जम्मू शहर में सुबह से दोपहर तक आसमान साफ रहने से तेज धूप रही।
शाम को ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आई। रियासत में बिगड़े मौसम से तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। श्रीनगर में वीरवार को दिन का अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
पहलगाम में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में 15.6 डिग्री सेल्सियस, जम्मू में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और बटोत में अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।